Anand Mahindra गिफ्ट करेंगे नई गाड़ी, रिक्शे वाले के इस स्टाइल पर फिदा हुए

महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप देश की टॉप ऑटोमोबाइल कंपनी के चेयरमैन आनंद महिंद्रा अपनी दरियादिली के लिए जाने जाते हैं। जरूरत पड़ने पर वह किसी की मदद करने से भी नहीं चूकते। इस बार उन्होंने यह दरियादिली एक रिक्शेवाले पर दिखाई है। आनंद महिंद्रा उस रिक्शे वाले से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने उसे एक नई गाड़ी देने का ही एलान कर दिया। जानते हैं क्या है पूरा वाकया...



लगाया था लोगो


दरअसल आनंद महिंद्रा के ट्विटर अकाउंट पर एक नीरज प्रताप सिंह नाम के एक शख्स ने एक ट्वीट साझा किया। उस शख्स ने एक रिक्शे वाले की पिक्चर शेयर की जिसमें उसने रिक्शे के पीछे की तरफ महिंद्रा की कारों पर आने वाला लोगो (एंब्लम) लगाया हुआ था। पिक्चर साझा करने वाले शख्स ने आनंद महिंद्रा से इस पर प्रतिक्रिया मांगी।

इससे पहले सितंबर 2018 में केरल में आई बाढ़ के दौरान एक मछुआरे को उन्होंने महिंद्रा मराजो गिफ्ट की थी। जैसल नाम के मछआरे को उन्होंने सुपर फिशमैन बताया था। उस मछुआरे ने अपनी बोट के जरिये कई लोगों की जान बचाई थी।   


देंगे नया वाहन


वहीं आनंद महिंद्रा ने उस ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए पहले तो ट्वीट किया और उसके बाद उस पर लिखा 'नीरज शायद तुम्हें यह मजाकिया लगा होगा और हां यह है भी, खासतौर पर तब, जब लोगो नीचे की तरफ लगाया गया है। लेकिन मैं इससे बेहद रोमांचित हूं, और हम उसे चलाने के लिये एक नया अपग्रेडेड वाहन देंगे, ताकि वह जिंदगी में 'Rise'  कर सके।'


हाल ही में खरीदी है फ्रेंच कंपनी       


हालांकि महिंद्रा ने अपने ट्वीट में यह खुलासा नहीं किया वह उस रिक्शे वाले को कौन सी गाड़ी देंगे। लेकिन अपने ट्वीट में उन्होंने इसका हिंट भी दिया है। उन्होंने ट्वीट में 'Rises' शब्द का उल्लेख किया है, क्योंकि महिंद्रा राइज के नाम से उनकी एक कंपनी भी है, जो पहले Peugeot Motorcycles के नाम से जानी जाती थी। इस फ्रेंच कंपनी को हाल ही में महिंद्रा ने खरीदा है। यह कंपनी इलेक्ट्रिक वाहन बनाने के लिए जानी जाती है। उम्मीद जताई जा रही है कि महिंद्रा उस रिक्शेवाले को कोई इलेक्ट्रिक वाहन गिफ्ट करेंगे।


एक शख्स को गिफ्ट की Mahindra KUV 100 NXT


हालांकि यह पहली बार नहीं है कि जब आनंद महिंद्रा ने किसी शख्स को गाड़ी गिफ्ट की हो। इसस पहले अक्टूबर में ही मैसूर के एक शख्स कृष्ण कुमार को Mahindra KUV 100 NXT गिफ्ट की थी। वह शख्स स्कूटर पर अपनी मां को तीर्थ यात्रा कराने ले जा रहा था और इसके लिए उसने अपनी बैंक की नौकरी भी छोड़ दी थी। आनंद महिंद्रा ने उससे प्रभावित हो कर गाडी गिफ्ट करने का एलान कर दिया।


इससे पहले दी थी महिंद्रा सुप्रो


वहीं दो साल पहले 2017 में आनंद महिंद्रा ने एक शख्स को महिंद्रा सुप्रो फोर व्हीलर गिफ्ट किया था। मनोज नाम के शख्स ने तिपहिया वाहन को स्कॉर्पियो एसयूवी में बदल दिया था और उस पोस्ट को 24 हजार से ज्यादा लाइक्स मिले थे और उसे छह हजार बार रीट्वीट किया गया था।