दुनिया का सबसे उम्रदराज कपल 15 दिसंबर को अपनी शादी की 80वीं वर्षगांठ मनाएगा




 


 


अमेरिका के टेक्सास में दुनिया का सबसे उम्रदराज, सफल और खुशमिजाज कपल 15 दिसंबर को अपनी शादी की 80वीं वर्षगांठ मनाएगा। जॉन हेंडरसन दिसंबर में 107 साल के हो जाएंगे और उनकी पत्नी की उम्र 105 साल है।  टुडे न्यूज के अनुसार यह दुनिया का सबसे उम्रदराज, सफल और खुशमिजाज कपल माना गया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे उम्रदराज जीवित जोड़े के रूप में इनका नाम दर्ज है। 


जब जॉन से उनकी लंबी आयु का रहस्य पूछा गया तो उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि बच्चे नहीं होना। दरअसल, दोनों की कोई संतान नहीं है। इस जोड़ी की कहानी भी बड़ी रोचक है। जॉन ने बताया कि 1934 में वे टेक्सास यूनिवर्सिटी में छात्र थे और कॉलेज की तरफ से फुटबॉल खेला करते थे। वहीं, शिक्षिका बनने के लिए चार्लोट भी उसी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही थीं। वह अक्सर उनका फुटबॉल मैच देखा करती थी।


नियमित दिनचर्या की वजह से हम इतना जिंदा रह पाए 



  • जॉन बताते हैं, "मैंने चार्लोट को पहली बार कॉलेज के लेक्चर हॉल में देखा था। मैं उसे देखकर मुस्कुराया। जवाब में चार्लोट ने भी मुस्कुराकर प्यारभरी नजरों से मुझे देखा। वह मुझे एक नजर में पसंद आ गई थी और मैं उसे डेट पर ले जाना चाहता था। शायद वह मेरी इच्छा समझ चुकी थी और मुझसे कुछ पूछने को उत्सुक थी। इसके बाद जो कहानी शुरू हुई, वह शादी में बदल गई। 

  • सफल जीवन का राज पूछने पर जॉन ने कहा, " हम लोग खेल, भ्रमण, आउटिंग तथा व्यायाम खूब करते रहे हैं। मैं और चार्लोट हमेशा पॉजिटिव सोच रखते रहे हैं। हर हाल में हम मजाकिया ही बने रहते हैं। शायद यही हमारी उम्र का राज है। लेकिन, अब हमारी एक्टिविटी कुछ धीमी पड़ने लगी है।"


भतीजे ने कहा- वे अतीत में नहीं रहते 
जॉन ने बातचीत में बताया कि 2010 में उन्हें एक और सम्मान मिला था, उन्होंने सबसे उम्रदराज जीवित 'पूर्व यूटी फुटबॉल खिलाड़ी' का गौरव हासिल किया है। यूटी फुटबॉल की होने वाली स्पर्धा को वे इतनी आयु के होने के बावजूद हर साल देखने जाते हैं। जॉन के भतीजे जेसन फ्री ने कहा कि चाचा-चाची कभी अतीत में नहीं रहते, हमेशा आज को पूरी तरह जीते हैं। मजेदार बात यह है कि दोनों अब भी भविष्य की योजना बना रहे हैं।