विधायक आदित्य ठाकरे बुधवार को सिद्धि विनायक मंदिर पहुंचे


 


 


महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे और विधायक आदित्य ठाकरे बुधवार को सिद्धि विनायक मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान के चरणों में अपना विधायक का सर्टिफकेट रखा और पूजा-अर्चना की। इसके बाद आदित्य विधानसभा पहुंचे और पद और गोपनीयता की शपथ ली। आदित्य मुंबई की वर्ली सीट से चुनाव जीते हैं। ठाकरे परिवार सिद्धि विनायक को अपना इष्टदेव मानता है।


इससे पहले आदित्य ठाकरे ने मंगलवार देर रात राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा था, 'राज्यपाल ने हमें आज अपना समय दिया और सरकार बनाने को कहा। हम प्रदेश के लोगों के लिए बेहतर काम करना चाहते हैं और उन्हें स्थिर सरकार देंगे।


आदित्य ने शुरू की थी 'लव मुंबई' मुहिम
राजनीति के साथ ही आदित्य ठाकरे पेज-थ्री पार्टी में भी नजर आते हैं। अक्षय कुमार, रितेश देशमुख ऋतिक रौशन समेत बॉलीवुड के कई अभिनेता उनके दोस्त हैं। वे अक्सर फिल्मों के प्रीमियर में भी नजर आते हैं। नाइट लाइफ के पक्षधर आदित्य ने मुंबई के प्रति अपने प्रेम को दिखाने के लिए 'लव मुंबई' मुहिम शुरू की थी। उन्होंने बांद्रा में समुद्र किनारे लकड़ी से बना 'लव मुंबई' का एक लोगो स्थापित कराया था। लोग आज भी इसके सामने जाकर सेल्फी लेते हैं।


कविताएं भी लिखते हैं आदित्य
13 जून 1990 को मुंबई में जन्में युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य को कविताओं का शौक हैं। 2007 में उनकी कविताओं की एक किताब माई थॉट्स इन ब्लैक एंड व्हाइट (My thoughts in white and black)प्रकाशित हो चुकी है। इसके अलावा वे गीत भी लिखते हैं। उनके लिखे गीतों का एल्बम 'उम्मीद' भी लॉन्च हो चुका है। आदित्य ने मॉडल्स की तरह अपना फोटोशूट भी  करवाया था।