विलुप्त होने के कगार पर 'फाइंडिंग निमो'


हॉलीवुड की लोकप्रिय एनीमेशन फिल्म फाइंडिंग निमो से सबके दिलों पर राज करने वाली क्लाउनफिश लुप्त होने के कगार पर है। वैश्विक तापमान में तेजी से बदलाव के कारण इस मछली की प्रजनन की क्षमता पर बुरा असर पड़ रहा है।


फ्रांस के नेशनल सेंटर फॉर साइंटिफिक रिसर्च (सीएनआरएस), वुड्स होल ओशनोग्राफिक इंस्टीट्यूशन (डब्ल्यूएचओआई) के ताजा अध्ययन में यह बात सामने आई है। यह रिपोर्ट इकोलॉजी लेटर्स नामक पत्रिका में प्रकाशित हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, जलवायु परिवर्तन के कारण क्लाउनफिश की प्रजनन क्षमता अनुकूल नहीं है। इसके बारे में जानकारी तब मिली, जब पिछले एक दशक से शोधकर्ताओं की टीम ने पापुआ न्यू गुआना में स्थित किम्बे के जैव विविधता वाले हॉटस्पॉट में निगरानी की।


क्लाउनफिश का प्राकृतिक घर है जेलीफिश


डब्ल्यूएचओआई के वैज्ञानिक साइमन थोरोल्ड के अनुसार, क्लाउनफिश का प्राकृतिक घर समुद्री एनीमोन (जेलीफिश) है। अगर उच्च गुणवत्ता वाले एनीमोन स्वस्थ रहेगा तो क्लाउनफिश की आबादी भी बनी रह सकती है। ये दोनों मूंगा (कोरल) पर अपने अस्तित्व के लिए भरोसा करते हैं, लेकिन ग्लोबल वार्मिंग के कारण कोरल धीरे-धीरे घट रहे हैं। लिहाजा इसका असर एनीमोन और क्लाउनफिश पर पड़ रहा है।



एनीमोन तैयार करता है क्लाउनफिश के अनुकूल माहौल
सीएनआरएस के शोधकर्ता बेनोइट पॉजोल के मुताबिक, क्लाउनफिश में एक विशेष प्रजनन चक्र होता है, जो एक स्थिर, सौम्य वातावरण पर निर्भर करता है। एनीमोन की वजह से यह वातावरण क्लाउनफिश के अनुकूल रहता है। क्लाउनफिश और एनीमोन एक पारस्परिक संबंध बनाए रखते हैं। लेकिन ग्लोबल वार्मिंग से यह वातावरण प्रभावित हो रहा है। इससे क्लाउनफिश अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रही है। बता दें कि इंटरगवर्नमेंटल पैनल ऑन क्लाइमेट चेंज ने पिछले साल चेतावनी दी थी कि 1.5C वार्मिंग के कारण पृथ्वी अपने प्रवाल भित्तियों का कम से कम 70 प्रतिशत खो देगी।