हैदराबाद कांड केआरोपियों का एनकाउंटर , वारदात से अबतक का पूरा घटनाक्रम




 

तेलंगाना के साइबराबाद में 27 और 28 नवंबर की दरमियानी रात को चार लोगों ने एक महिला पशु चिकित्सक के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना की गूंज सड़क से लेकर संसद तक सुनाई दी। आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। 
 

शुक्रवार को जब तेलंगाना पुलिस चारों आरोपियों को नेशनल हाईवे-44 के नजदीक स्थित घटनास्थल पर क्राइम सीन को रीकंस्ट्रक्ट करने के लिए लेकर गई तो उन्होंने भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़ में चारों आरोपी मारे गए।

जानिए मामले की शुरुआत से मुठभेड़ तक का पूरा घटनाक्रम:

27 नवंबर 2019: सरकारी अस्पताल में कार्यरत महिला पशु चिकित्सक के साथ चार आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। शराब पीते हुए आरोपियों ने डॉक्टर को स्कूटी पार्क करते हुए देखा और दरिंगदी का प्लान बनाकर वारदात को अंजाम दिया। 

28 नवंबर 2019:  25 वर्षीय महिला पशु चिकित्सक का अधजला शव शादनगर में एक पुल के नीचे मिला। शव मिलने के बाद इस जघन्य केस ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था।


29 नवंबर 2019: तेलंगाना पुलिस ने इस मामले की छानबीन के दौरान 20 से 24 साल के उम्र के चार लोगों को दुष्कर्म और हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों की पहचान मोहम्मद आरिफ, शिवा, नवीन और सी चेन्नकेशवुलु के रूप में हुई।

29 नवंबर 2019: कोर्ट ने  आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने कहा कि इस घटना को साजिश के तहत अंजाम दिया गया। पीड़िता की मां ने सभी दोषियों को सबके सामने जिंदा जलाने की मांग की। 

29 नवंबर: शादनगर बार असोसिएशन ने ऐलान किया कि डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के आरोपियों को किसी भी तरह की कानूनी मदद नहीं दी जाएगी। हैदराबाद के वकीलों ने भी समर्थन दिया।

30 नवबंर 2019: तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने तेजी से मुकदमा चलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालत के गठन की घोषणा की। राष्ट्रीय महिला आयोग के सदस्यों ने पीड़ित परिवारवालों से मुलाकात की।

एक दिसंबर 2019: तेलंगाना पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एम महेंद्र रेड्डी ने इस मामले में कोताही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की। साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने इस मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया।

दो दिसंबर 2019: तेलंगाना के हैदराबाद में डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या का मामले की गूंज संसद में भी सुनाई दी।

तीन दिसंबर 2019: दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कड़े कानून की मांग को लेकर दिल्ली में अनशन शुरू किया।

तीन दिसंबर 2019: चेरलापल्ली जेल में बंद चार आरोपियों में से एक चेन्नाकेशावुलू ने किडनी की बीमारी का इलाज मुहैया कराने की मांग की है।

चार दिसंबर 2019: हैदराबाद में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले की सुनवाई के लिए महबूबनगर जिला अदालत में जल्द एक विशेष कोर्ट के गठन का ऐलान।

छह दिसंबर 2019: केस के चारों आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस ने बताया कि क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्ट करने के दौरान आरोपियों ने पुलिस से हथियार छीनकर उनपर फायर किया। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में चारो आरोपी ढेर हो गए।