जावेद जाफरी का वीडियो वायरल, बोले- 'मुल्क बनाओ, मंदिर नहीं'


नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर अभिनेता जावेद जाफरी  का एक वीडियो वायरल हो रहा है। अपने बेबाक विचारों के लिए मशहूर जावेद इस वीडियो में CAA का विरोध करते दिख रहे हैं। उन्होंने अपने इस वीडियो में मोदी सरकार पर हमला बोला है।




वीडियो में जावेद जाफरी कह रहे हैं- तुम हिंदू मुसलमानों को लड़ाने में लगे हो। ये खेल बंद करो। आगे बात करो क्या करना है। रोटी दो, कपड़ा दो, मकान दो, इसके बारे में बात करो। पहले कहते थे कांग्रेस भ्रष्टाचारी पार्टी है। चलो मान लिया। आप क्या कर रहे हैं?

उन्होंने कहा- आपने कहा था हम स्कूल बनाएंगे, शिक्षा देंगे, बेरोजगारी कम करेंगे। वो बात नहीं करते आप। आप ये बोलते हैं मंदिर यही बनाएंगे और कुछ है नहीं क्या बनाने के लिए, मुल्क को बनाओ। ये जो नागरिकता संशोधन कानून है बहुत खतरनाक है।उन्होंने कहा- अंबेडकर के संविधान के खिलाफ है ये नागरिकता संशोधन कानून। किसी और को बेवकूफ बनाओ। लोग भूखे मर रहे हैं। नौकरी नहीं है लोगों के पास। ये बहुत बड़ा गेम है। उन्होंने राहत इंदौरी का एक शेर भी पढ़कर सुनाया- लगेगी आग तो आएंगे घर कई जद में, यहां पे सिर्फ हमारा मकान थोड़ी है, जो आज साहिबे मसनद हैं कल नहीं होंगे, किराएदार हैं जाती मकान थोड़ी है, सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है'।

बता दें जावेद जाफरी  ने आज ही ट्वीट कर बताया है कि वह सोशल मीडिया को अलविदा कह रहे हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- 'नफरत और ट्रोलिंग को और नहीं झेल सकता। स्थिति सुधरने तक सोशल मीडिया से जा रहा हूं। आशा करता हूं कि चीजें जल्दी ठीक होंगी, इंशाअल्लाह. भारत पहले है, जय हिंद।'