सलमान खान ने बदला अपना बर्थडे प्लान


सलमान खान इस जन्मदिन पर एक बार फिर से मामा बनने जा रहे हैं। उनकी बहन अर्पिता के घर नन्हा मेहमान आने वाला है और डॉक्टरों के अनुमान के मुताबिक ये नन्हा मेहमान ठीक सलमान के जन्मदिन पर ही इस दुनिया में आंखे खोल सकता है। इसी के चलते सलमान इस बार अपना जन्मदिन पनवेल स्थित अपने फॉर्म हाउस की बजाय अर्पिता की डिलीवरी वाले अस्पताल के निकट अपने भाई सोहेल खान के घर पर मनाएंगे।आमतौर पर अपने जन्मदिन उत्सव को निजी रखने वाले हिंदी सिनेमा के दबंग अभिनेता सलमान खान ने इस बार अपने जन्मदिन की योजना लीक कर सबको चौंका दिया। इसका कारण यह बताया जा रहा है कि सलमान की बहन अर्पिता बहुत ही जल्द एक बच्चे को जन्म देने वाली हैं। ऐसे में सलमान खान अपनी बहन से दूर नहीं जाना चाहते और ज्यादा से ज्यादा समय अपनी बहन के साथ बिताना चाहते हैं।एक नजदीकी सूत्र ने खुलासा किया कि सलमान ने कुछ पेशेवर और व्यक्तिगत कारणों से इस साल की यह योजना बनाई है। सूत्र ने बताया, 'सलमान ईद 2020 पर रिलीज होने वाली अपनी फिल्म राधे की शूटिंग में व्यस्त हैं। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि अर्पिता ने अपनी सी-सेक्शन डिलीवरी खार के हिंदुजा हेल्थकेयर सर्जिकल में 27 दिसंबर को निर्धारित की है क्योंकि वह चाहती हैं कि उसका होने वाला बच्चा सलमान के साथ अपना जन्मदिन साझा करे। इसलिए परिवार ने पाली हिल निवास पर ही अपने इस खास दिन का जश्न धूमधाम से मनाने की योजना बनाई है।'सलमान के जन्मदिन पर आने वाले मेहमानों की सूची में शाहरुख खान, कटरीना कैफ, डेविड और वरुण धवन, कबीर खान और उनकी पत्नी मिनी माथुर, और जैकलीन फर्नांडीज शामिल हैं। दबंग 3 की सफलता का मजा ले रहे प्रभुदेवा, सोनाक्षी सिन्हा और सई मांजरेकर भी पार्टी में मौजूद रहेंगे। इससे पहले सलमान अपना हर जन्मदिन अपने पनवेल वाले फार्महाउस पर ही मनाते रहे हैं।