1.27 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ डी-मार्ट के दमानी देश के दूसरे सबसे अमीर बने, तीन दिन पहले 5वें स्थान पर थे


डी-मार्ट की पेरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्केट के मालिक राधाकृष्ण दमानी देश के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। शुक्रवार को दमानी की संपत्ति 1.27 लाख करोड़ रु. पहुंच गई। बुधवार को ही दमानी 5वें सबसे अमीर शख्स बने थे। कंपनी में दमानी परिवार के 80% शेयर हैं। 5 फरवरी को उन्होंने शेयर होल्डिंग घटाकर 77.27% करने की घोषणा की। इससे शुक्रवार को कंपनी के शेयर तो सिर्फ 0.5% उछले, लेकिन अन्य कंपनियों में उनके शेयर की वैल्यू बढ़ने से संपत्ति में 400 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ। पिछले तीन दिन में उनकी संपत्ति 1 हजार करोड़ रुपए बढ़ चुकी है।


3 साल पहले एक लाख रु. का निवेश अब 8.31 लाख रु. होता
शेयर बाजार में दमानी की कंपनी एवेन्यू सुपरमार्केट की लिस्टिंग 21 मार्च 2017 को हुई थी। तब कंपनी की कुल पूंजी 39 हजार करोड़ रु. थी। तब कंपनी में 1 लाख रु. का निवेश किया जाता तो डिविडेंड और अन्य सभी लाभ मिलाकर निवेश की राशि अब 8.31 लाख रु. हो जाती।


दमानी ने 2002 में पहला रिटेल स्टोर खोला था, अब 200 हैं


65 साल के दमानी 2002 में रिटेल बिजनेस में उतरे और मुंबई में पहला स्टोर खोला। अब 200 स्टोर हैं। 1.5 लाख करोड़ रु. मार्केट कैप है। रिटेल बाजार में उतरने से पहले उनकी पहचान शेयर बाजार में दिग्गज निवेशक के तौर पर थी, जो अब भी है। लेकिन वह शुरू से ही खुद को लो प्रोफाइल रखते आए हैं। भारत के वॉरेन बफे कहे जाने वाले राकेश झुनझु़नवाला के मेंटर भी दमानी ही हैं। वह कई अलग-अलग सेक्टरों की कंपनियों में बड़े शेयर धारक हैं। इनमें इंडिया सीमेंट, वीएसटी इंडस्ट्रीज, ब्लूडार्ट, सिनेप्लेक्स कंपनियां और कुछ तंबाकू कंपनियां शामिल हैं। दरअसल, उनके पिता भी स्टॉकब्रोकर थे, इसलिए वह बचपन से ही शेयर बाजार की बारीकियां सीखने लगे थे। दशकों तक शेयर बाजार में निवेश करते रहने के बाद एवेन्यू सुपरमार्केट लेकर आए। 2017 में कंपनी की लिस्टिंग के समय उनकी दौलत 16.4 हजार करोड़ रुपए थी।