शत्रुघ्न सिन्हा पहुंचे पाकिस्तान, राष्ट्रपति अल्वी से की मुलाकात


कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू के पाकिस्तान जाने को लेकर विवाद अभी थमा नहीं था कि अब पार्टी के एक और नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने पाक पहुंच परेशानियों को दावत दे दी है। भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामने वाले सिन्हा दरअसल एक विवाह समारोह में भाग लेने के लिए पाक पहुंचे हैं। मगर शनिवार को वह पाक राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से भी मिले। इस मुलाकात ने शत्रुघ्न सिन्हा और उनकी पार्टी के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। 


पाक राष्ट्रपति ने मुलाकात के बाद दावा किया कि कांग्रेस नेता ने कश्मीर की मौजूदा स्थिति पर उनकी चिंता पर समर्थन जताया है। पाक राष्ट्रपति कार्यालय से ट्वीट किया गया, 'भारतीय नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने राष्ट्रपति आरिफ अल्वी से लाहौर में आज मुलाकात की। उन्होंने दोनों देशों के बीच शांति का पुल बनाने के महत्व पर चर्चा की। सिन्हा ने कश्मीर में 200 से अधिक दिनों के लॉकडाउन पर राष्ट्रपति की चिंता का समर्थन किया।'


शत्रुघ्न सिन्हा ने इस दौरे को पूरी तरह से निजी बताया है और कहा है कि इसका राजनीति से कोई लेना देना नहीं है। इससे पहले सिद्धू पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे, जिसके बाद कांग्रेस को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। उन्हें पाक सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा के गले मिलते भी देखा गया था। 


अब शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस के लिए मुसीबत खड़ी कर सकते हैं क्योंकि भाजपा पहले ही उस पर पाक की भाषा बोलने के आरोप लगाती रही है। वहीं, पाक राष्ट्रपति के शत्रुघ्न को लेकर किए जा रहे दावे से कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं जिनके नेताओं पर भाजपा पहले से ही पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाती आई है।