आज भाजपा का 40वां स्थापना दिवस, नरेंद्र मोदी ने कहा कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होकर सामना करे


भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आज अपना 40वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि वह कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में जरुरतमंद लोगों की मदद करें। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी है। बता दें कि 1980 में भाजपा की नींव पड़ी थी।


प्रधानमंत्री ने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक दूरी का ध्यान रखने के लिए कहा। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'भाजपा का 40वां स्थापना दिवस ऐसे समय में आया है, जब देश कोविड-19 से लड़ रहा है। मैं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के दिशानिर्देशों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ जरूरतमंदों की मदद करें। एकजुट होकर भारत को कोविड-19 से मुक्त करें।'




पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने ट्वीट कर लिखा, 'भाजपा के 40वें स्थापना दिवस पर मैं सभी कार्यकर्ताओं से कोविड-19 के विरुद्ध लड़ाई में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जरूरतमंद लोगों की मदद करने और हमारे स्वास्थ्य के लिए 24x7 काम करने वालों का उत्साहवर्धन व आभार प्रकट करने का अनुरोध करता हूं।' 

गृह मंत्री शाह ने ट्वीट किया, 'भारत के लोकतंत्र की सच्ची वाहक भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की समस्त कार्यकर्ताओं व देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा और सिद्धांतों से भाजपा ने सदैव राष्ट्रहित के लिए अपना सर्वस्व अर्पण किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भाजपा भारत की गौरवशाली संस्कृति के अनुरूप देश के पुनर्निर्माण और गरीब कल्याण की कल्पना को साकार कर रही है। हमें गर्व है कि आज इस विषम परिस्थिति में भाजपा का हर कार्यकर्ता कोरोना के विरुद्ध इस लड़ाई में मोदीजी के हाथ मजबूत कर रहा है।'

रक्षा मंत्री राजनाथ ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए लिखा, 'अपनी स्थापना के 40 वर्षों में ही भाजपा न केवल भारतीय लोकतंत्र का सबसे बड़ा और सबसे मजबूत स्तंभ बन चुकी है बल्कि जनता के विश्वास का केंद्र भी बन चुकी है। इसका श्रेय पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं और सशक्त नेतृत्व को जाता है। भाजपा के स्थापना दिवस की सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। आज भाजपा का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा के हाथों में है जो देश और दल दोनों को मजबूत कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदीजी के नेतृत्व में इस समय भारत कोरोना वायरस के विरुद्ध एक जंग लड़ रहा है। देश प्रधानमंत्रीजी के साथ खड़ा है और उन पर गर्व कर रहा है।'

भाजपा भले 1980 में बनी लेकिन इससे पहले ही 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कांग्रेस से अलग होकर भारतीय जनसंघ बनाया था। जेपी नड्डा का कहना है कि स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यकर्ता क दिन का भोजन त्यागेंगे। उन्होंने लिखा, 'भाजपा कार्यकर्ता स्थापना दिवस पर आज के दिन एक समय का भोजन हम त्यागेंगे और लॉकडाउन के बीच कष्ट झेल रहे लोगों के साथ अपनी सहानुभूति व्यक्त करेंगे। फीड द नीडी में खाद्य सामग्री के लिए पांच पैकेट तो प्रतिदिन भेजते ही हैं लेकिन अपना जो त्याग किया एक पैकेट और बढ़ाएंगे, जरूरतमंदों को देंगे। 
बहुत उतार चढ़ाव पार्टी ने देखे और मोदी जी के नेतृत्व में हम लोगों ने उत्कर्ष की अनुभूति की। उनके नेतृत्व में पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उनका मंत्र गरीब कल्याण, उनकी सरकार गरीब कल्याण के लिए समर्पित है। इस तरीके से पार्टी आगे बढ़ी है।'