धारावी में संक्रमण बेकाबू होने का खतरा, मचा हड़कंप


कोरोना वायरस अब मुंबई की झुग्गी-झोपड़ियों में भी फैलने लगा है। एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी कही जाने वाली धारावी में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्ति की मौत से स्लम बस्ती धारावी में खलबली मच गई है। यहां कोरोना वायरस के एक और मामले की पुष्टि हुई है। एक 35 वर्षीय डॉक्टर का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। उसके परिवार को क्वारंटाइन कर दिया गया है, आज उनका टेस्ट किया जाएगा। धारावी में जिस बिल्डिंग में वो मरीज रहता है उसको बीएमसी ने सील कर दिया है।


इससे पहले 52 वर्षीय मरीज सफाईकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। वह अपने परिवार के साथ वरली में रहता है, लेकिन बस्ती को सेनेटाइज करने आता था। उसकी हालत स्थिर बताई गई है, व्यक्ति के संपर्क में रहे 23 लोगों को क्वरंटीन किया गया है।


युद्धस्तर पर सैनिटाइजेशन का काम


बस्ती में मरीजों के मिलने के बाद बृहस्पतिवार सुबह से ही इलाके को सेनेटाइज करने का काम युद्धस्तर पर शुरू हो गया है। बालिगा नगर में 300 फ्लैट और 90 दुकाने सील की गई हैं। लोगों के लिए जीवनावश्यक बस्तुओं की आपूर्ति के लिए कर्मचारियों को काम पर लगाया गया है। वहीं, पुलिस फोर्स भी तैनात की गई है।

9 लाख लोगों की जांच


धारावी में पिछले हफ्ते 2 लाख लोगों का सर्वे किया गया था और 9 लाख लोगों की मेडिकल हिस्ट्री जांची गई थी। 90 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे।  सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।