कोरोना को शारदा सिन्हा ने दी मात, सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो


पद्म भूषण से सम्मानित लोक गायिका शारदा सिन्हा ने कोरोना को मात दे दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर खुद शारदा सिन्हा ने इस बात की पुष्टि की है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसमें शारदा सिन्हा अस्पताल में नजर आ रही हैं और स्वास्थ कर्मचारी उनको फूल माला पहना रही हैं। याद दिला दें कि कुछ दिनों पहले शारदा सिन्हा के निधन की खबर तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे थे। जिसके बाद खुद शारदा सिन्हा ने सामने आकर अपनी मौत की फर्जी खबर को अफवाह बताया था। उनके बेटे ने एक वीडियो जारी किया था। जिसमें शारदा सिन्हा ने कहा था कि उनका कोरोना वायरस का इलाज चल रहा है। इलाज से सुधार भी हो रहा है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें। शारदा सिन्हा ने अपने चाहने वालों से अपील करते हुए कहा कि उनकी दुआओं से वह जरूर स्वस्थ होकर उनके बीच आएंगी। उनके बेटे ने भी उनकी मौत की खबर को अफवाह बताया था।  शारदा ने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी फेसबुक के माध्यम से ही अपने फैंस को दी थी। शारदा ने अपने फेसबुक अकाउंट से फैंस के लिए एक वीडियो साझा किया था। वीडियो में शारदा सिन्हा यह कहती हुई नजर आ रही थीं कि उन्होंने हर संभव कोशिश की थी कि वे इस महामारी से बची रहें, लेकिन इसके बाद भी कोरोना ने दस्तक दे दी। शारदा ने कहा था कि फिलहाल उन्हें उनके फैंस की दुआओं की बहुत जरूरत है और जब वो ठीक होकर लौंटेंगी तो फिर से अपने चाहने वालों से बात करेंगी। गौरतलब है कि शारदा सिन्हा को छठ गीतों से प्रसिद्धी मिली थी।शारदा के मशहूर गीतों में 'सूप लेले घाट पर....', 'मोरा भईया जाला..' और 'पहिले पहिल हम कईनी छठी मइया वरत तोहार...' शामिल हैं।