आर.डी.एस.ओ. में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक वेब आधारित बैठक का हुआ आयोजन



आर.डी.एस.ओ. के महानिदेशक श्री संजीव भुटानी की अध्यक्षता में दिनांक 24.03.2022 को आर.डी.एस.ओ. में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में महानिदेशक महोदय ने पिछली तिमाही में राजभाषा के प्रचार-प्रसार और राजभाषा में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। महानिदेशक महोदय ने बैठक के दौरान सभी अधिकारियों से अधिकाधिक कार्य राजभाषा में करने का आग्रह किया। महानिदेशक महोदय द्वारा संगठन की राजभाषा पत्रिका ‘मानक रश्मि’ के अप्रैल-सितंबर, 2021 अंक का विमोचन किया गया।



आर.डी.एस.ओ. के मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री शरद कुमार जैन ने समिति की बैठक में उपस्थित सदस्‍यों का स्वागत करते हुए राजभाषा संबंधी क्रियाकलापों एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। संगठन के श्री राजेश श्रीवास्‍तव, निदेशक, धातु एवं रसायन द्वारा ‘धातुकर्म विफलता अन्‍वेषण’ विषय पर तकनीकी प्रस्‍तुति राजभाषा में दी गयी, जिसकी सभी सदस्‍यों ने सराहना की। प्रस्‍तुति से प्रसन्‍न होकर महानिदेशक महोदय ने उन्‍हें मानराशि से सम्‍मानित करने की घोषणा की।