हेलमेट लगाकर पटना कर्मचारी सस्ता प्याज बेच रहे, बोले- कभी भी पथराव हो जाता है


आमजन को सस्ता प्याज बेच रहे बिस्कोमान के कर्मचारियों को सुरक्षा का डर सताने लगा है। शनिवार को विभिन्न स्टॉल पर प्याज बेच रहे कर्मचारी हेलमेट पहने दिखे। दरअसल, यहां पिछले दिनों प्याज लूटने की कोशिश हुई थी। कुछ शरारती तत्वों ने कर्मचारियों पर पत्थर भी फेंके थे।


पटना में प्याज की कीमत 80-100 रुपए किलो तक पहुंच गई है। बिस्कोमान एक सप्ताह से गांधी मैदान के पास स्थित भवन के बाहर और शहर के अन्य इलाकों में सस्ते दर पर प्याज बेच रहा है। यह क्रम आज शाम तक जारी रहेगा। 35 रुपए किलो प्याज खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। एक व्यक्ति को दो किलो प्याज दिया जा रहा है। प्याज की बिक्री शनिवार शाम तक ही होने वाली है, जिसके चलते बिक्री केंद्रों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।


प्रशासन के असहयोगात्मक रवैए के चलते बिक्री बंद
प्रशासन से सहयोग नहीं मिलने का हवाला देकर बिस्कोमान ने प्याज की बिक्री बंद करने का निर्णय लिया है। चेयरमैन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा- रोज 50-60 हजार लोग प्याज खरीद रहे थे, लेकिन प्रशासन ने विधि व्यवस्था बिगड़ने की बात कहकर प्याज बेचने के अलावा पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था भी बिस्कोमान पर डाल दी। प्रशासन के असहयोगात्मक रवैए को देखते हुए बिक्री बंद करने का निर्णय लिया गया है।