झारखंड विधानसभा चुनाव के रुझानों में कांग्रेस गठबंधन को 46 सीटें, बहुमत से 5 सीट ज्यादा


 


झारखंड विधानसभा चुनाव के रुझानों में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट हेमंत सोरेन पिता शिबू सोरेन से मिलने पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेमंत सोरेन ने कहा कि यह परिणाम पिता शिबू सोरेन के समर्पण और परिश्रम का नतीजा हैं। आज जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के संकल्प का दिन है।


81 विधानसभा सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 41 का आंकड़ा चाहिए और महागठबंधन को 43 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। सत्ताधारी भाजपा 28 सीटों पर आगे है। मौजूदा मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व सीट पर पीछे चल रहे हैं। 24 साल से वे इस सीट पर जीतते आए हैं। रघुवर की कैबिनेट के 10 में से 6 मंत्री भी पीछे चल रहे हैं। हेमंत सोरेन दुमका और बरहेट दोनों सीटों पर आगे चल रहे हैं।


आज जनता के उत्साह का दिन- हेमंत सोरेन


हेमंत सोरेन ने कहा- साथियों, आज झारखंड प्रदेश का 40 दिन की चुनावी यात्रा का आज अंतिम दिन है। आज मतगणना चल रही है। अभी तक मतगणना का जो रुझान आया है, उसमें जनता ने जो जनादेश दिया है, वह स्पष्ट है। मैं मतदाताओं का आभार प्रकट करता हूं। झारखंड की जनता के लिए उत्साह का दिन है। मेरे लिए आज का दिन एक संकल्प लेने का दिन है। इस राज्य की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का संकल्प लेने का दिन है। आज का यह जनादेश शिबू सोरेन जी के परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।


आखिरी चरण की वोटिंग पूरी होने के बाद पांच एक्जिट पोल सामने आए। इनमें कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन के सत्ता हासिल करने का अनुमान दिया गया।


प्रदेश में 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक 5 चरणों में वोट डाले गए थे। कुल 65.23% वोटिंग हुई थी। 2014 के विधानसभा चुनाव में यहां 66.6% वोट डाले गए थे। 


चुनाव पर दो बड़े मुद्दों का असर
राम मंदिर : 9 नवंबर को राम मंदिर मामले में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले और 12 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून आने के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। ऐसे में इसे भाजपा के लिए परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने झारखंड में अपनी रैलियों के दौरान लगातार राम मंदिर का मुद्दा उठाया था। झारखंड की ही एक चुनावी रैली में अमित शाह ने पहली बार यह दावा किया था कि उनकी सरकार चार महीने के अंदर अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवा देगी।
नागरिकता कानून विवाद : मोदी सरकार ने 9 दिसंबर को नागरिकता संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया था। इसके बाद झारखंड में 12, 16 और 20 दिसंबर को तीन चरणों में कुल 48 सीटों पर वोटिंग हुई।


मोदी-शाह ने 18 और राहुल ने 5 रैलियां कीं


झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने 9, गृह मंत्री शाह ने 9 चुनावी रैलियां कीं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी 5 जनसभाओं में पहुंचे। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 1 रैली की।


हॉट सीट
जमशेदपुर पूर्व: 
यहां भाजपा के मौजूदा मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनाव मैदान में हैं। वे 1995 से यह सीट जीतते आ रहे हैं। उनके खिलाफ रघुवर कैबिनेट में मंत्री रहे सरयू राय चुनाव मैदान में हैं। वे पहले भाजपा में ही थे, लेकिन टिकट नहीं मिलने के बाद बागी हो गए।


दुमका: यहां भाजपा की लुइस मरांडी, झामुमो के हेमंत सोरेन और झाविमो की अंजुला मुर्मू के बीच मुकाबला है। हेमंत सोरेन महागठबंधन के प्रत्याशी हैं। मरांडी ने 2014 में मुख्यमंत्री रहते हुए सोरेन को यहां 6 हजार वोटों से हराया था। प्रधानमंत्री मोदी ने इस विधानसभा में जनसभा की है।


बरहेट: हेमंत सोरेन यहां भी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने यहां सिमोन मालतो को उतारा है। यह सीट झामुमो का गढ़ मानी जाती है। 30 सालों से यहां झामुमो का कब्जा है। 2014 में हेमंत सोरेन यहां से जीते थे। इस बार उनका मुकाबला भाजपा की पहाड़िया जनजाति के उम्मीदवार सिमोन मालतो से है।