प्रियंका गांधी ने कहा- भाजपा शासित राज्य में बच्चों को मिड डे मील में मिल रहा बेकार खाना


 कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार शाम को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची। इस मौके पर प्रियंका ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा शासित उप्र में मिड-डे मील में बच्चों को बेकार खाना दिया जाता है। प्रियंका शनिवार को पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।


प्रियंका ने टि्वट कर कहा कि भाजपा शासित उप्र में बच्चों को मिड डे मील में बेकार खाना दिया जाता है। बच्चे ठंड में ठिठुर रहे हैं लेकिन स्वेटर नहीं मिले। कुपोषण के चलते बच्चों की जान जा रही है। भाजपा शासन में दिखावटी विकास की बातें खूब होती हैं लेकिन  कुपोषण की वजह से  बच्चों की जान जा रही है। कैसा शासन है ये?


कांग्रेस के नेता सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि प्रियंका गांधी  दो दिवसीय दौरे पर आज शाम को लखनऊ पहुंचेंगी लेकिन वह कल पार्टी कार्यालय में होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगी और पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगी। 


22 दिसम्बर को बिजनौर पहुंचीं थीं प्रियंका
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में नागरिकता कानून के विरोध में बिजनौर में हुए प्रदर्शन के दौरान मारे गए प्रदर्शनकारियों के परिवारों से मुलाकात की थी। प्रियंका गत रविवार को दोपहर बाद अचानक ब‍िजनौर के नहटौर पहुंच गईं थीं। प्र‍ियंका ने अनस और सुलेमान के घर पहुंचकर उनके परिजनों से बातचीत कर सांत्वना दी थी। दोनों युवक शुक्रवार दोपहर बाद अचानक भड़की हिंसा के दौरान गोली का शिकार हुए थे।


भारतीयता का सबूत मांगना सही नहीं
प्रियंका ने कहा- एक किसान जिसके पास जमीन नहीं है, उससे सबूत मांगेंगे कि आप अपनी भारतीयता का सबूत दीजिए। ये कानून इस देश को नहीं चाहिए। किसी से देश में रहने का प्रमाण मांगना सही नहीं है। कौन सा पहचान पत्र मांगेगे। कोई साल ले लिया, 1971 ले लिया या उससे पहले का ले लिया। कहेंगे कि, कागज दिखाइए कि आप हिंदुस्तानी है। भारतीयता का जो सबूत है, उसे मांगने का अधिकार नहीं है।