जगत गुरु साहिब श्री गुरू नानक देव जी महाराज का प्रकाश उत्सव (जन्मोत्सव) हर्षाेल्लास से मनाया गया।

  


जगत गुरु साहिब श्री गुरू नानक देव जी महाराज का प्रकाश उत्सव (जन्मोत्सव) ऐतिहासिक गुरूद्वारा श्री गुरू नानक देव जी नाका हिंडोला की ओर से डी0ए0वी0 इण्टर कालेज ऐशबाग रोड, लखनऊ में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।

       श्री अखण्ड पाठ साहिब जी की समाप्ति के पश्चात् पाँच प्यारों की अगुवाई में समूह साध संगत द्वारा श्री गुरूग्रन्थ साहिब जी की शाही सवारी को शबद कीर्तन गायन करते हुए गुरूद्वारा साहिब से नाका हिण्डोला होते हुए डी0ए0वी0 इण्टर कालेज ऐशबाग रोड में सजे पंडाल में ले जाया गया। भव्य पंडाल बहुत खूबसूरती से सजाया गया था,जिसमें फूलों से सुसज्जित भव्य स्टेज पर श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी का प्रकाश किया गया। रागी जत्था भाई सुरजीत सिंह खालसा जी द्वारा पवित्र आसा-दी-वार का अमृतमयी कीर्तन से कार्यक्रम आरम्भ हुआ। बहुत सुबह से ही लखनऊ एवं आस-पास के इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु डी0ए0वी0 इण्टर कालेज में पहुॅचने लगे तथा पक्तियों में खडे़ होकर श्री गुरू ग्रन्थ साहिब जी के दर्शन के पश्चात अपना स्थान ग्रहण कर गुरूबाणी का रसपान किया। आकाशवाणी लखनऊ केन्द्र द्वारा आधे घन्टे का सीधा प्रसारण करके प्रदेश भर की संगतों को कार्यक्रम का रसास्वादन कराया गया। श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष स0 राजेन्द्र सिंह बग्गा जी ने इस अवसर पर उपस्थित संगतों को प्रकाश पर्व की बधाई दी तथा बधाई संदेश आकाशवाणी लखनऊ द्वारा भी प्रसारित किया गया। विशेष रूप से पधारे भाई सुखवंत सिंह जी हजूरी रागी श्री दरबार साहिब श्री अमृतसर वालों ने अपनी मधुरवाणी में कलि तारण गुरु नानक आइया।शबद कीर्तन गायन कर समूह साध संगत को निहाल किया।पंथ प्रसिद्ध प्रचारक जसवंत सिंह परवाना जी  ने साहिब श्री गुरू नानक देव जी के जीवन पर दिल को छू देने वाले विचार व्यक्त किये। रागी जत्था भाई गुरचरन सिंह जी रसिया पटियाला वालों ने गुर का शबद सतिगुर नानक प्रगटिआ मिटी धुंध जगि चानणु होआ।। शबद कीर्तन गायन कर संगतों को मन्त्रमुग्ध कर दिया। ज्ञानी सुखदेव सिंह जी ने गुरमत विचारों द्वारा कथा व्याख्यान किया। के0के0एन0एस0 गुरमत संगीत एकेडमी एवं सिमरन साधना परिवार के बच्चों एवं माता गुजरी सत्संग सभा,लखनऊ की सदस्याओं ने भी इस कार्यक्रम में शबद कीर्तन गायन किया। 


        डी0ए0वी0 इण्टर कालेज में दिन भर गुरबाणी कीर्तन तथा गुरमत विचारों का कार्यक्रम चला जिसका संचालन स0 कृपाल सिंह ऐबट, स0 सतपाल सिंह मीत ने किया। समागम में लंगर के वितरण की सेवा सिख यंग मेन्स एसोसियेशन एवं दशमेश सेवा सोसाइटी द्वारा की गयी। कई स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा संगत की सेवा आइसक्रीम, चाय काफी, ब्रेड, छोले, जलेबी, कड़ी चावल, गन्ने के रस की खीर आदि अनेक तरह के व्यंजनों के स्टाल लगाकर की गई।



       लंगर पकवाने एवं वितरण की व्यवस्था स0 हरमिन्दर सिंह टीटू, तजिन्दर सिंह एवं  कुलदीप सिंह सलूजा की इंदर जीत सिंह देखरेख में हुई। दिन के 11.30 बजे से गुरू का लंगर संगत में वितरित किया गया,जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने लंगर ग्रहण किया।

       अरदास के उपरान्त उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम की समाप्ति पर श्री गुरू सिंह सभा के अध्यक्ष स0 राजेन्द्र सिंह बग्गा जी ने सभी सिख संगठनों/जत्थेबन्दियों सिख सेवक जत्था पंजाबी यूथ एसोसियेशन एवं प्रशासन को गुरू जी की कृपा ‘‘सिरोपा तथा शील्ड’’ भेंट कर सम्मानित किया। 

        गुरू महाराज का आर्शीवाद प्राप्त करने के लिये मा0 योगी आदित्य नाथ जी मुख्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, डा0 दिनेश शर्मा पूर्व उपमुख्यमंत्री उ0 प्र0 सरकार, मा0 ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री  उ0 प्र0 सरकार, श्रीमती संयुक्ता भाटिया महापौर विधायक राजेश्वर सिंह सांसद और केंद्रीय मंत्री श्री कौशल किशोर योगेश शुक्ला विधायक नीरज बोरा विधायक सरदार परविंदर सिंह सदस्य उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग तथा कई राजनीतिक दलों के नेता एवं सरकार के प्रतिनिधि तथा कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित हुए, उन्हें भी अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा जी ने सिरोपा देकर सम्मानित किया।

  प्रबंधक कमेटी के तरनजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु नानक देव जी, नाका हिंडोला की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने पे 08 नवंबर 2022 को डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, ऐशबाग रोड में रात्रि 7.30 से 9.30 बजे तक ताल गुरु प्रोडक्शन, पटियाला द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के जीवन पर आधारित स्टेज लाइट एवं लेज़र शो के रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन भी किया जिसमें पटियाला से आई ताल गुरु प्रोडक्शन की टीम और कलाकारों ने गुरु नानक देव जी महाराज की शिक्षाओं के ऊपर आधारित लेजर और स्टेज शो को लखनऊ में पहली बार प्रदर्शित करते हुए लाइट एंड साउंड का बहुत प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करके गुरु नानक देव जी महाराज की शिक्षाओं और उपदेशों को जन सामान्य को दिखा कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम में सर्व धर्म और समाज के व्यक्तियों के अलावा बहुत से प्रशासनिक अधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना है। समाप्ति के उपरान्त गुरु का प्रसाद वितरित किया जायेगा।